File Image
Bhopal: मध्य प्रदेश से भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को कहा कि यदि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों के लिए होने वाले आगामी उपचुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में चुनाव प्रचार करतीं हैं, तो भी भाजपा को उपचुनाव जीतने में कोई कठिनाई नहीं होगी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक सवाल के जवाब में अशोकनगर जिले के राजपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘ये मेरा मध्य प्रदेश एवं मेरा ग्वालियर-चंबल संभाग सबका स्वागत करता है। (इस उपचुनाव में प्रियंका के चुनाव प्रचार करने से भी भाजपा को) कोई कठिनाई नहीं होगी।’ सिधिंया से मध्य प्रदेश विधानसभा के आगामी उपचुनाव में, विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार करने की संभावनाओं पर सवाल पूछा गया था।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सिंधिया का गढ़ कहलाता है और प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में से 16 सीटें इसी इलाके में आती हैं। राज्यसभा सदस्य सिंधिया ने दावा किया कि इन सभी 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा का परचम लहरायेगा और आगे आने वाले वर्षों में हम प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली 15 महीने की पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकार ने भ्रष्टाचार कर प्रदेश को तबाह कर दिया था। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान फिर से प्रदेश को विकास के मार्ग पर ले जाएंगे।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया एक साथ मंच पर दिखे। दोनों नेताओं ने अपनी इस जोड़ी तो शिव-ज्योति एक्सप्रेस का नाम दिया। करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद दोनों नेताओं ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व दिग्विजय सिंह पर जुबानी हमले किए।
ज्योतिरादित्य सिंधिया हिसाब बराबर करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उनके गढ़ में आ रही हैं। कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी का कार्यक्रम कुछ इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि 1 तीर से 2 पॉइंट साधा जा सके। प्रियंका गांधी दतिया जिले में स्थित पीतांबरा देवी के दर्शन के लिए आ रही हैं। पीतांबरा पीठ ग्वालियर-चंबल संभाग में आता है। इस दौरान वह यहां स्थानीय नेताओं से भी मुलाकात और रोड शो करेंगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने अशोकनगर को स्मार्ट सिटी बनाने का ऐलान किया। अगले साल अशोकनगर में कृषि महाविद्यालय खोलने का आश्वासन भी दिया। राजपुर में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, कमलनाथ जैसे मुख्यमंत्री का आचार डालेंगे क्या, जो अपने विधायकों की नहीं सुन रहे थे। इसलिए महाराज ने सरकार को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया। मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व कांग्रेस सरकार से मिले खाली खजाने पर कहा कि कांग्रेस की नीति, नीयत और नेता ठीक नहीं हैं, इसलिए लक्ष्मीजी उनसे रूठीं थीं।
मैं रोने वाला मुख्यमंत्री नहीं हूं, इसलिए खुलेआम बोल रहा हूं। प्रदेश की खराब हालत को सुधारने के लिए कर्जा लूंगा और जब स्थिति सुधर जाएगी तो वापस कर दूंगा। वहीं, राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार जिले में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथजी बोल रहे हैं कि जजपाल सिंह गद्दार है, ज्योतिरादित्य गद्दार है।
मैं कहता हूं कि जो नेता और जो सरकार मेरी जनता के साथ वादा खिलाफी और गद्दारी करेगी, उसके खिलाफ सिंधिया परिवार काम करेगा। सिंधिया ने कहा कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ वादाखिलाफी की तो प्रदेश की जनता के मान-सम्मान और विकास के लिए ज्योतिरादित्य ढाल बन गया। मंच से दोनों की नेताओं ने अपनी इस नई जोड़ी को शिव-ज्योति एक्सप्रेस का नाम दिया।



